दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित असिस्टेंट प्रोफेसर 2022 (हिंदी साहित्य) के परिणाम में जावरा अंचल के आक्यादेह, जेठाना गांव के श्याम लाल चौधरी ने प्रदेश में 14वीं रैंक और उनके बुआ के बेटे निलेश चौधरी (कलालिया) ने 64वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर गांव में भगवान देवनारायण मंदिर में महाआरती और जुलूस के साथ दोनों भाइयों का भव्य स्वागत किया गया।
गरीब किसान परिवार से आने वाले श्याम लाल और निलेश ने कठिन परिस्थितियों में कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। धनगर गायरी समाज से ताल्लुक रखने वाले ये दोनों भाई जावरा-मंदसौर क्षेत्र में इस समाज से पहले असिस्टेंट प्रोफेसर बने हैं, जिसे समाज के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल जावरा, बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा बटोरी है। जगह-जगह उनके सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।

गांव का गर्व, शुरू से मेधावी रहे श्याम लाल
ग्रामीणों के अनुसार, श्याम लाल और निलेश शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहे। श्याम लाल ने 2012 और 2014 में जावरा के महात्मा गांधी शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (वर्तमान में सीएम राइज स्कूल) से टॉप कर निजी स्कूलों को पछाड़ा था। विज्ञान के क्षेत्र में उन्होंने इमरजेंसी मोबाइल चार्जर बनाकर राष्ट्रीय स्तर का इंस्पायर अवार्ड और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का विश्वविद्यालय स्तरीय विक्रम अवार्ड हासिल किया। श्याम लाल ने एनएसएस के 21 शिविरों में हिस्सा लिया, जिनमें कई राष्ट्रीय और प्रादेशिक शिविर शामिल हैं।
सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान
श्याम लाल सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी रहे हैं। कोविड-19 के दौरान उन्होंने मृत्यु भोज की प्रथा को सीमित करने का संदेश देते हुए स्वयं इसका त्याग किया। उन्होंने एनएसएस के माध्यम से रक्तदान शिविर आयोजित किए और जरूरत पड़ने पर स्वयं रक्तदान भी किया। नशामुक्ति, पर्यावरण जागरूकता, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर उनकी सक्रियता के लिए जावरा क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता उनकी सराहना कर रहे हैं।
स्कूल-कॉलेज के लिए गर्व का पल
जावरा के सीएम राइज स्कूल और भगत सिंह कॉलेज के लिए भी यह गर्व का विषय है कि उनके विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर कीर्तिमान स्थापित किया। दोनों भाइयों को उनके गुरुजनों और संस्थानों से बधाई और आशीर्वाद मिल रहा है।
परिवार और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
श्याम लाल और निलेश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों और मित्रों को दिया। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे जावरा क्षेत्र और धनगर गायरी समाज के लिए प्रेरणादायी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









