मंदसौर। मन्दसौर की नई आबादी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 250 ग्राम एमडी पाउडर, 8 किलोग्राम डोडाचूरा और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के अभियान के तहत की गई।
मुखबीर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल और नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नई आबादी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह ऑपरेशन चलाया। 7 अक्टूबर 2025 को मुखबीर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति काले रंग की टीवीएस मोटरसाइकिल जिसका नंबर MP14MT1665 से एमडी पाउडर और डोडाचूरा लेकर मंदसौर-जावरा बायपास से रतलाम जा रहा है।

नाकाबंदी कर तस्कर को पकड़ा
सूचना के आधार पर नई आबादी पुलिस ने नालछामाता फंटा हाईवे रोड पर नाकाबंदी की। घेराबंदी के दौरान आरोपी मोहम्मद हनीफ उम्र 44 वर्ष, निवासी गुदरी मोहल्ला, खानपुरा गेट, मंदसौर को पकड़ा गया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए उसके कब्जे से 250 ग्राम एमडी पाउडर जिसकी कीमत 2.5 लाख रुपये, 8 किलोग्राम डोडाचूरा जिसकी कीमत 20 हजार रुपये और टीवीएस मोटरसाइकिल जिसकी कीमत 40 हजार रुपये है, जब्त की गई।
मामला दर्ज, एक आरोपी फरार
आरोपी मोहम्मद हनीफ के खिलाफ थाना नई आबादी में अपराध क्रमांक 212/25, धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अकरम पिता अजीज खां पठान, निवासी नोगांवा, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जब्त सामग्री का विवरण
– 250 ग्राम एमडी पाउडर (कीमत: 2,50,000 रुपये)
– 8 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत: 20,000 रुपये)
– टीवीएस मोटरसाइकिल क्रमांक MP14MT1665 (कीमत: 40,000 रुपये)
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।









