दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल
मंदसौर। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने मंगलवार को मंदसौर के उप आयुक्त सहकारिता कार्यालय में छापामार कार्रवाई करते हुए जिला थोक उपभोक्ता सहकारी भंडार कालाखेत की प्रशासक और सहायक प्रबंधक हिमांगिनी शर्मा को ₹15,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, हिमांगिनी शर्मा ने उपभोक्ता भंडार के उप प्रबंधक प्रभुलाल धनगर से स्टेशनरी क्रय के भुगतान के लिए नोटशीट लिखने के एवज में ₹30,000 की रिश्वत मांगी थी। प्रभुलाल ने इसकी शिकायत लोकायुक्त एसपी उज्जैन आनंद कुमार यादव को की। शिकायत की पुष्टि के लिए लोकायुक्त टीम ने हिमांगिनी की ऑडियो रिकॉर्डिंग करवाई, जिसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई।

लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के नेतृत्व में टीम ने मंदसौर पहुंचकर जाल बिछाया और हिमांगिनी को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। प्रभुलाल ने बताया कि वह पहले ₹5,000 दे चुके थे और बाकी ₹15,000 देने के दौरान यह कार्रवाई हुई।
वहीं, आरोपी हिमांगिनी शर्मा ने दावा किया कि उसने प्रभुलाल को ₹20,000 उधार दिए थे, और वह वही रकम वापस ले रही थी। लोकायुक्त पुलिस ने हिमांगिनी को हिरासत में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।









