110 ग्राम एमडी ड्रग्स, सैकड़ों किलो केमिकल, स्कॉर्पियो और ड्रग्स बनाने के उपकरण जब्त
मंदसौर। जिले में सिंथेटिक ड्रग्स के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीतामऊ थाना पुलिस ने ग्राम मानपुरा में एमडी ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री पर दबिश देकर भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स, रसायन, उपकरण और एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो एन कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किए। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थ एवं सिंथेटिक ड्रग्स के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राम स्नेही मिश्रा एवं एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में सीतामऊ थाना पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया था।
दिनांक 31 जुलाई एवं 1 अगस्त 2026 की दरमियानी रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मानपुरा-बड़ावदी रोड स्थित पानी की टंकी के पास दिलीप गायरी के खेत पर बने टीन शेड पर दबिश दी। यहां आरोपी दिलीप गायरी, गोविंद गायरी दोनों निवासी मानपुरा, थाना सीतामऊ तथा पिंटू सिंह सिसौदिया निवासी बजरंगगढ़ (राजस्थान) मौजूद थे। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा एवं आरोपियों को पकड़ने के उद्देश्य से जवाबी फायरिंग की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।
मौके से पुलिस ने 110 ग्राम एमडी ड्रग्स, एमडी तैयार करने में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में केमिकल, विभिन्न उपकरण तथा एक बिना नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन जब्त की। इस संबंध में अपराध क्रमांक 414/2026 दर्ज कर धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट, धारा 109 एवं 132 बीएनएस तथा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
फरार आरोपी
– दिलीप पिता भेरूलाल गायरी, निवासी मानपुरा, थाना सीतामऊ
– गोविंद पिता भेरूलाल गायरी, निवासी मानपुरा, थाना सीतामऊ
– पिंटू सिंह सिसौदिया, निवासी बजरंगगढ़, राजस्थान
इस कार्रवाई में थाना सीतामऊ के निरीक्षक कमलेश प्रजापति, निरीक्षक अनिल रघुवंशी, उप निरीक्षक कुलदीप राठौर, उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, उप निरीक्षक विनय बुंदेला, उप निरीक्षक विकास गहलोद तथा सायबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








