मंदसौर। मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली पुलिस ने एचडीएफसी बैंक में कैश काउंटर पर कार्यरत कर्मचारी तौफीक मंसूरी को गिरफ्तार किया है, जो दो साल से अधिक समय से फरार चल रहा था। आरोपी पर बैंक ग्राहकों से प्राप्त 4 लाख 20 हजार रुपये की राशि का गबन करने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 अक्टूबर 2023 को मंदसौर स्टेशन रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के सहायक शाखा प्रबंधक दीपक राठौर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी तौफीक मंसूरी उम्र 39 वर्ष, मूल निवासी नैनपुर, जिला मंडला, बैंक के कैश काउंटर पर तैनात था। वह ग्राहकों से नकद राशि लेता था, लेकिन उसे उनके खातों में जमा नहीं करता था। ग्राहकों को कैश रसीद तो दे दी जाती थी, लेकिन राशि खाते में क्रेडिट नहीं होती थी। जांच में पता चला कि आरोपी ने कई ग्राहकों के साथ ऐसा धोखा किया और कुल 4.20 लाख रुपये का गबन कर अपना निजी उपयोग किया।

इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 582/2023 के तहत धारा 409 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी मंदसौर से फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और नगर पुलिस अधीक्षक नितेन्द्र भास्कर के निर्देशन में थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी की तलाश जारी रखी। कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह फरार मिलता रहा। अंततः साइबर सेल की मदद से आरोपी का पता लगाया गया। टीम ने सिवनी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में हड्डी गोदाम केजीएन कॉलोनी से उसे गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में आरोपी का पता यही दर्ज है।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि में गबन की गई राशि की बरामदगी और आगे की जांच की जाएगी।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, उप निरीक्षक संदीप मौर्य, प्रधान आरक्षक कमलेश सिंह भदौरिया, हेमंत, योगेश साहू तथा साइबर सेल के आशीष बैरागी, मुजफ्फरूद्दीन, मनीष बघेल, मोहम्मद वकील और सिवनी थाना कोतवाली की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









