सावधान! मन्दसौर कलेक्टर दिव्यांक सिंह के नाम से चल रही फर्जी फेसबुक आईडी, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच मंदसौर जिले के कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के नाम एवं फोटो का दुरुपयोग कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने आमजन के लिए साइबर अलर्ट जारी करते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कलेक्टर दिव्यांक सिंह के नाम से संचालित की जा रही उक्त फेसबुक प्रोफाइल पूरी तरह फर्जी है। इसके साथ उपयोग किया जा रहा मोबाइल नंबर 7838116357 भी कलेक्टर का आधिकारिक नंबर नहीं है। ऐसे में यदि इस आईडी या नंबर से किसी भी प्रकार की फ्रेंड रिक्वेस्ट, व्हाट्सएप संदेश, कॉल अथवा धनराशि, बैंक विवरण, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी की मांग की जाती है, तो उस पर बिल्कुल भी विश्वास न करें।

प्रशासन ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर लोगों का विश्वास जीतने की कोशिश करते हैं। इसके बाद वे आर्थिक सहायता, आपातकालीन जरूरत या अन्य बहाने बनाकर ठगी का प्रयास करते हैं। इसलिए किसी भी सोशल मीडिया प्रोफाइल की सत्यता जांचे बिना कोई जानकारी साझा न करें और न ही किसी प्रकार का आर्थिक लेन-देन करें।

कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या साइबर सेल को दें। साथ ही भ्रामक संदेशों को बिना सत्यापन आगे साझा करने से भी बचें।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस महत्वपूर्ण सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया है, ताकि साइबर ठगी के ऐसे प्रयासों को समय रहते रोका जा सके और आमजन सुरक्षित रह सकें।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!