कलेक्टर ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, नवीन एमसीएच भवन में ओटी और लेबर रूम जल्द शुरू करने के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग ने बुधवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाल ही में निर्मित मातृ एवं शिशु कल्याण भवन का अवलोकन किया और वहां ऑपरेशन थिएटर एवं लेबर रूम को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री शिवलाल शाक्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.गोविंद सिंह चौहान तथा सिविल सर्जन डॉ.बी.एल.रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने चिकित्सालय में डॉक्टरों की बैठक व्यवस्था को बेहतर बनाने, आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने तथा गनेड़ीवाल धर्मशाला के जीर्णोद्धार के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे चर्चा कर उपचार एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल की सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एनसीडी शाखा में मरीजों के उपचार एवं दवा वितरण से संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच की। साथ ही अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर आदित्य भवन स्थित ओपीडी पहुंचीं, जहां उन्होंने मरीजों की जांच एवं उपचार व्यवस्था का अवलोकन किया और परिजनों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी कक्ष, अस्थि रोग विभाग, दंत रोग विभाग, फिजियोथैरेपी कक्ष, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं उपचार कक्ष, स्त्री रोग ओपीडी, बाल रोग चिकित्सा कक्ष, लेबर रूम तथा पीएनसी-एनआरसी वार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया। पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बच्चों की माताओं से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली, वहीं प्रसूति वार्ड में भर्ती महिलाओं से उपचार एवं देखभाल के संबंध में चर्चा की।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने डॉक्टरों की उपस्थिति की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए अलग एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!