सुवासरा में बढ़ती चोरियों से जनता में आक्रोश, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
दशपुर दिशा । जुगल वेद
सुवासरा। सुवासरा विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम नागरिकों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब 25 दिनों में नगर में 20 से अधिक चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं। ताजा घटनाक्रम में मंगलवार रात करीब दो घंटे के भीतर दो अलग-अलग घटनाएं होने से कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

दो घंटे में दो घटनाएं
किराना व्यापारी की बाइक चोरी –
वार्ड क्रमांक-3 स्थित मारुति नगर निवासी किराना व्यापारी मंगलेश डपकरा के घर के बाहर खड़ी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 14 MW 1151 मंगलवार रात करीब 8 से 10 बजे के बीच अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। समाचार लिखे जाने तक वाहन का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
बस में चोरी की कोशिश, संदिग्ध पकड़ा गया –
इसी रात बस स्टैंड पर खड़ी शिव शक्ति बस में एक संदिग्ध युवक चोरी के इरादे से घुस गया। बस संचालक और मौजूद लोगों की सतर्कता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है।
लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता
नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण नागरिकों और व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि लगातार वारदातों के बावजूद अपराधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील एवं सुनसान क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही अब तक हुई सभी चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर चोरी गए वाहनों एवं सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।
सुवासरा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि पिछले दिनों हुई चोरी की वारदातों में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जांच अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मंगलवार रात हुई दोनों घटनाओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है तथा संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








