घंटाघर स्थित पुराने नगर पालिका भवन और सराफा पुलिस चौकी पर लगाया गया ‘प्रवेश निषेध’ बोर्ड, शहर के अन्य जर्जर भवन भी होंगे चिन्हित
दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल
जावरा। आगामी आंधी-तूफान एवं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए नगरपालिका परिषद जावरा ने शहर में जर्जर भवनों को लेकर एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में घंटाघर स्थित पुराने नगरपालिका भवन एवं सराफा पुलिस चौकी पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।

बोर्ड पर स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि संबंधित भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं तथा दुर्घटना की आशंका के चलते आमजन का प्रवेश निषिद्ध है। नगर पालिका द्वारा बताया गया है कि इसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड शहर के अन्य जर्जर भवनों एवं जोखिम वाले स्थानों पर भी लगाए जाएंगे, ताकि जनहानि की किसी भी संभावना को रोका जा सके।
इस बीच शहर में कुछ लोगों द्वारा यह मांग भी उठाई जा रही है कि सार्वजनिक एवं सामाजिक संस्थाओं की जर्जर अथवा विवादित संपत्तियों की भी प्रशासनिक स्तर पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसी संदर्भ में पिपली बाजार निवासी एक व्यक्ति द्वारा उपयोग में ली जा रही श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज जावरा की एक संपत्ति को लेकर भी स्थानीय स्तर पर विभिन्न दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित मामले में सक्षम प्राधिकारी या न्यायालय का अंतिम निर्णय सामने आना शेष है।
नागरिकों का कहना है कि बरसात के मौसम में जर्जर भवनों की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करना जनसुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। वहीं लोगों ने नगर पालिका से शहरभर में ऐसे भवनों का सर्वे कर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








