सिंगोली। सिंगोली नगर परिषद क्षेत्र में राजीव आवास योजना की कॉलोनी में सार्वजनिक गार्डन को ध्वस्त कर भूखंड नीलामी/आवंटन का मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया है। इस मामले में भाजपा जिला महामंत्री अशोक विक्रम सोनी पर भूखंड आवंटन में अनुचित लाभ लेने के आरोप लगे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को इस मामले में नगर परिषद पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में अशोक विक्रम सोनी के पुत्र प्रमोद सोनी भी शामिल दिखे, जिससे स्थानीय स्तर पर चर्चा बढ़ गई है।
ये है मुख्य आरोप
स्थानीय कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजीव आवास योजना की कॉलोनी में गार्डन तोड़कर भूखंड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में अनियमितताएं बरती गई हैं। आरोप है कि अशोक विक्रम सोनी ने प्रशासनिक व राजनीतिक प्रभाव का उपयोग कर उक्त कॉलोनी में एक मूल्यवान प्लॉट बहुत कम राशि में अपने नाम कराया है।
कांग्रेस ने नगर परिषद अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर भी गार्डन ध्वस्त करने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस ने ज्ञापन कुर्सी से चिपकाया
नगर कांग्रेस और मंडल कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़ व पंकज तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद पहुंचकर ज्ञापन दिया। CMO उपलब्ध नहीं होने पर पंकज तिवारी ने उनकी कुर्सी पर ही ज्ञापन चिपका दिया।
पंकज तिवारी ने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की जाए और नुकसान की भरपाई संबंधित अधिकारियों से की जाए।
एसडीएम ने मांगी तहसीलदार से रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए जावद एसडीएम प्रीति संघवी ने सिंगोली तहसीलदार से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। एसडीएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक अशोक विक्रम सोनी की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हुई है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








