शौर्य संकल्प योजना-2026 अन्तर्गत मंदसौर के चयनित युवाओं को मिली अध्ययन सामग्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य और सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘शौर्य संकल्प योजना-2026’ के तहत चयनित अभ्यर्थियों को अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम शुक्रवार को मंदसौर के उषाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
योजना का जिले में क्रियान्वयन अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग की सहायक संचालक अनुराधा सकवार के नेतृत्व में किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुकूल जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मंदसौर रहे। जबकि जनजातीय कार्य विभाग की जिला संयोजक अंगूरबाला भगोरा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।

योजना का उद्देश्य-
पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित इस योजना का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक एवं पिछड़े वर्ग के युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बलों तथा अन्य सुरक्षा बलों में प्रवेश के लिए सक्षम बनाना है।
चयनित युवाओं को 45 दिनों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसमें शारीरिक, मानसिक तथा लिखित परीक्षा की तैयारी शामिल होगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुकूल जैन और विशिष्ट अतिथि अंगूरबाला भगोरा ने चयनित अभ्यर्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित की। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि यह योजना उनके सपनों को नई उड़ान दे रही है।

अतिथियों ने आह्वान किया कि युवा पूर्ण समर्पण और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण लें तथा देश की सेवा में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि शौर्य संकल्प योजना ग्रामीण और वंचित क्षेत्र के मेधावी युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में चयनित युवा और उनके अभिभावक उपस्थित रहे। सामग्री वितरण कार्यक्रम के पश्चात स्नेहभोज का आयोजन भी किया गया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!