अफीम किसानों की सुविधा के लिए मंदसौर विधायक विपिन जैन ने उप नारकोटिक्स आयुक्त को लिखा पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। अफीम उत्पादक किसानों को हो रही परेशानियों को दूर करने के उद्देश्य से मंदसौर विधायक विपिन जैन ने उप नारकोटिक्स आयुक्त, नीमच को पत्र लिखकर आवश्यक व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। पत्र में उन्होंने किसानों को डोडा तोड़ने और वजन दर्ज करने की सुविधा बहाल करने की मांग की है, ताकि फसल कटाई के दौरान होने वाली असुविधाओं से राहत मिल सके।

क्षेत्र में अफीम की फसल पककर तैयार हो चुकी है और जल्द ही डोडा तोड़ने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। विधायक जैन ने पत्र में उल्लेख किया कि पिछले वर्ष नारकोटिक्स विभाग ने सीपीएस पद्धति के तहत लाइसेंस (पट्टा) धारक किसानों को यह सुविधा प्रदान की थी, जिसमें किसान निर्धारित मापदंडों के अनुसार मुखिया की उपस्थिति में स्वयं डोडा तोड़कर उसका वजन दर्ज करा सकते थे। इस व्यवस्था से किसानों को काफी राहत मिली थी।

विधायक श्री जैन ने बताया कि डोडा तोड़ने तक किसानों को अपने खेतों पर लगातार निगरानी रखनी पड़ती है। कई बार विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंच पाती, जिससे चोरी का भय बना रहता है और किसानों को मानसिक व शारीरिक परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने उप नारकोटिक्स आयुक्त से अनुरोध किया है कि पिछले वर्ष की तर्ज पर इस वर्ष भी किसानों को यह अधिकार दिया जाए।

श्री जैन ने पत्र में शीघ्र आदेश जारी करने की मांग की है, ताकि किसान बिना किसी बाधा के अपनी फसल काट सकें। किसान संगठनों ने भी इस कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि विभाग जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगा। यह व्यवस्था लागू होने से क्षेत्र के सैकड़ों अफीम उत्पादक किसानों को लाभ होगा।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!