मंदसौर, 3 फरवरी 2026: मंदसौर की सिटी कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक कीमत की अवैध एमडी ड्रग्स जब्त कर दो कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी प्रतापगढ़ जिले का गुलशेर लाला है, जबकि दूसरा भावगढ़ हत्या मामले में पैरोल से फरार नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर टी.एस. सिंह बघेल और नगर पुलिस अधीक्षक मंदसौर जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व वाली टीम ने यह सफलता हासिल की। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम एमडी ड्रग्स जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपये, 3 किलो 500 ग्राम अवैध डोडाचूरा जिसकी कीमत 7 हजार रुपये और दो मोटरसाइकिलें जिनकी कीमत 1 लाख 15 हजार रुपये जब्त की गईं। कुल जब्त माल की कीमत 1 करोड़ 51 लाख 22 हजार रुपये है।

दिनांक 1 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रतापगढ़ राजस्थान का निवासी गुलशेर खान पठान एमडी ड्रग्स की सप्लाई के लिए मंदसौर की ओर आ रहा है। पुलिस टीम ने वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए गुलशेर खान पठान पिता कासम खान पठान, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम देवलजी, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान और नंदकिशोर उर्फ नंदू पिता कमलाशंकर पाटीदार उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम राजाखेड़ी, थाना नई आबादी, मंदसौर को गिरफ्तार किया। नंदकिशोर एमडी ड्रग्स लेने आया था।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों से रिमांड लेकर जांच करेगी कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी और कहां सप्लाई की जानी थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेंद्र सिंह राठौर और थाना सिटी कोतवाली मंदसौर की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









