मन्दसौर। जिले के भानपुरा स्थित महाराजा यशवंत राव होलकर शासकीय महाविद्यालय में आयोजित युवा उत्सव कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी छात्र नेता और उसके साथियों द्वारा छात्राओं की निजता भंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने कपड़े बदल रही छात्राओं के फोटो और वीडियो बनाए, जिसकी शिकायत मिलते ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। महाविद्यालय प्रशासन ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए त्वरित कार्रवाई की और सोशल मीडिया पर वायरल होने की आशंका जताई, जो छात्राओं की निजी जिंदगी बर्बाद कर सकती थी।
महाराजा यशवंत राव होलकर शासकीय महाविद्यालय में पिछले दो दिनों से युवा उत्सव कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राएं अपनी प्रस्तुतियां दे रही थीं। इसी बीच कुछ छात्राएं वस्त्र बदलने कक्ष क्रमांक 10 में गईं। आरोप है कि छात्र नेता ने अपने साथियों के साथ मिलकर दरवाजे के ऊपरी हिस्से (उजार दान) से झांककर छात्राओं के फोटो और वीडियो बना लिए।

यह बात छात्राओं को पता चलते ही उन्होंने महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा को सूचित किया। प्राचार्य ने महाविद्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपियों का कृत्य स्पष्ट रूप से दर्ज हो गया। फुटेज की पुष्टि के बाद प्राचार्य ने भानपुरा थाना प्रभारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। आवेदन में कहा गया कि आरोपी इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर छात्राओं की जिंदगी बर्बाद कर सकते हैं, इसलिए उन्हें हिरासत में लेकर दंडित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
कॉलेज प्रशासन और पुलिस की प्रतिक्रिया
प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “छात्राओं ने हमें तुरंत सूचना दी। हमने प्राप्त जानकारी के आधार पर सीसीटीवी फुटेज चेक किया और भानपुरा थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा। यह गंभीर मामला है और हमने त्वरित एक्शन लिया।”
भानपुरा थाना प्रभारी रमेशचंद दांगी ने बताया, “कॉलेज प्रशासन से शिकायत मिली कि युवा उत्सव के दौरान छात्राओं के साथ ऐसी अनहोनी हुई। हमने आरोपियों को राउंडअप कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर लिए गए हैं। मैनेजमेंट पूरी तरह अलर्ट है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने पर जोर दिया जाएगा। आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।”
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में निजता भंग, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने का आश्वासन दिया है। यह घटना महिला सुरक्षा और शैक्षणिक संस्थानों में निगरानी की जरूरत को उजागर करती है।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।









