मंदसौर। जिले की पिपलियामंडी थाना पुलिस ने संदिग्ध वाहन जांच के दौरान एक ड्रग तस्कर को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 77 ग्राम अल्प्राजोलम और 6.130 किलोग्राम डोडाचूरा सहित कुल 4.15 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया। इस कार्रवाई में एक फरार आरोपी का भी नाम सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ नरेन्द्र सौलंकी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में पिपलियामंडी पुलिस टीम सक्रिय थी। टीम ने पिपलियामंडी-मुन्देड़ी रोड पर इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच की। इस दौरान एक लाल रंग की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल नंबर MP14NE6818 पर सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया।

चालक की तलाशी लेने पर आरोपी जाहिद पिता रशीद खान उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बाबुखेड़ा, थाना पिपलियामंडी, जिला मंदसौर के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ 77 ग्राम अल्प्राजोलम और 6.130 किलोग्राम डोड़ाचुरा बरामद हुआ। इसके अलावा, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जिसका मूल्य 50,000 रुपये और एक ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया। आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में जाहिद ने कबूल किया कि यह माल प्रहलाद पिता मोडसिंह राजपूत निवासी ग्राम आक्या पालरा, थाना नारायणगढ़, हाल मुकाम कृषि उपज मंडी के पास मंदसौर से प्राप्त किया गया था। प्रहलाद फरार बताया गया है और उसकी तलाश जारी है। थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 301/2025 के तहत धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय, चौकी प्रभारी उनि. धर्मेश यादव, सउनि. शिवकुमार सिंह राजावत, प्रआर. विजय परमार, प्रआर. पुष्पेन्द्र सिंह और आर. वाजिद खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए लगातार निगरानी बढ़ा दी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









