ठाकुर अर्जुन सिंह जी राठौड़ की पुण्यतिथि पर तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

21 मार्च 2026 को खाटूश्याम मंदिर में स्थापित होगी उनकी प्रतिमा
मंदसौर। श्री खाटूश्याम मंदिर प्रांगण में स्व. ठाकुर अर्जुन सिंह जी राठौड़ की पुण्यतिथि पर तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। समारोह में वक्ताओं ने ठाकुर अर्जुन सिंह जी के सेवा और समर्पण से भरे जीवन की सराहना की।

सेवा और संकल्प के प्रतीक थे ठाकुर अर्जुन सिंह
मुख्य अतिथि सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा, “सेवा और संकल्प की बात हो तो ठाकुर अर्जुन सिंह जी का नाम सर्वप्रथम आता है। उनके जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके पुत्र शैलेन्द्र सिंह द्वारा किया जा रहा यह आयोजन सराहनीय है।”
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा, “ठाकुर अर्जुन सिंह जी ने लंबे समय तक समाज सेवा की। उनके नेतृत्व में खाटूश्याम मंदिर का निर्माण हुआ, जो आज श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है। यह उनके पुण्य कार्यों का परिणाम है।”
श्री खाटूश्याम मंदिर के अध्यक्ष शिवकरण प्रधान ने कहा, “अर्जुन सिंह जी जीवन भर जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहे। उनकी धार्मिक और सामाजिक सक्रियता अनुकरणीय है।”
कांग्रेस नेता सोमिल नाहटा ने बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजन समिति की प्रशंसा की और कहा, “बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें मेहनत कर मंदसौर और देश का नाम रोशन करना चाहिए।”
वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम बटवाल ने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

21 मार्च 2026 को स्थापित होगी प्रतिमा
शैलेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि उनके पिता ठाकुर अर्जुन सिंह जी की 84वीं जन्मजयंती पर 21 मार्च 2026 को खाटूश्याम मंदिर परिसर के बगीचे में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस अवसर पर बच्चों के सम्मान के साथ-साथ उनकी शिक्षा के लिए अर्जुन सिंह राठौड़ चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से सहायता प्रदान की जाएगी।

विशेष छात्रवृत्ति योजना की घोषणा
शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि अर्जुन सिंह जी राठौड़ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष दो आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इन विद्यार्थियों को मंदसौर के आईसीएच ग्रुप कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी और स्टेशनरी सामग्री प्रदान की जाएगी। यह पहल संसाधनों की कमी के बावजूद आगे बढ़ने की इच्छाशक्ति रखने वाले विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
कार्यक्रम में डॉ. वी.एस. मिश्र, जवाहरलाल जैन, बी.एस. सिसोदिया, डॉ. देवेंद्र पुराणिक, रमेशचंद्र चन्द्रे, आशुतोष नवाल, आलोक शर्मा, डी.एस. चन्द्रावत, महेंद्र सिंह राठौड़, शिवप्रताप सिंह राणावत, राजेंद्र छाजेड़, वीरेंद्र सिंह गौड़, वीरेंद्र सिंह राणावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सत्येंद्र सिंह सोम ने किया और शैलेन्द्र सिंह राठौड़ ने आभार व्यक्त किया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!