जावरा(दीपक सोनी)। हिंदू जागरण मंच के नगर संयोजक सुरेश महावर के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में शनिवार को हिंदू संगठनों ने रतलाम में आक्रोश रैली निकाली। चिलचिलाती धूप में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने घण्टाघर चौराहे से सीएसपी कार्यालय तक पैदल मार्च किया और प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना का पूरा विवरण
शुक्रवार शाम को मुगलपुरा क्षेत्र में स्थित एक दुकान पर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी सुरेश महावर मौजूद थे। आरोप है कि इसी क्षेत्र के निवासी आसिम, पिता सलीम, ने दुकान में घुसकर सुरेश महावर के माथे पर तिलक नहीं हटाने की बात कहते हुए उनके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपी के परिजनों ने भी उसका साथ दिया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग थाने पर एकत्र हो गए। देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी आसिम को हिरासत में ले लिया। इसके बावजूद, हिंदू संगठनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने रेलवे ब्रिज पर जाम लगा दिया।

आक्रोश रैली और मांगें
शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता घण्टाघर चौराहे पर एकत्र हुए। यहां नारेबाजी के बाद रैली कोठी बाजार, कमानी गेट, निमचौक, लक्ष्मीबाई रोड, और कोर्ट तिराहा होते हुए सीएसपी कार्यालय पहुंची। रास्ते में “जय जय श्री राम”, “भारत माता की जय”, और “वंदे मातरम” के नारे गूंजे। कार्यकर्ताओं ने सीएसपी दुर्गेश आर्मो को ज्ञापन सौंपकर निम्नलिखित मांगें रखीं:
– मुख्य आरोपी आसिम का भरे बाजार जुलूस निकाला जाए, क्योंकि वह हाल ही में जेल से छूटकर आया और उसने यह घटना कारित की।
– घटना में शामिल अन्य लोगों की तत्काल गिरफ्तारी।
– आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई।
– आरोपी के मकान को तोड़ने की मांग।
– मुगलपुरा, हुसैन टेकरी, और अन्य संदिग्ध क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान।
हिंदू संगठनों का बयान
रैली में वक्ताओं ने कहा, “हिंदू समाज शांतिप्रिय और सहनशील है, लेकिन कमजोर नहीं। हमारी संस्कृति शांतिपूर्ण जीवन की रही है, परंतु कोई हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं।”
प्रशासन का आश्वासन
सीएसपी दुर्गेश आर्मो ने हिंदू संगठनों को आश्वस्त किया कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन का वाचन नंदन दायम ने किया। इस दौरान शहर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन सहित आसपास के थानों के प्रभारी और पुलिस बल मौजूद रहा।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









