पीजी कॉलेज प्राचार्य के आवास पर तीन एसी लगे होने का वीडियो वायरल, पूर्व प्राचार्य ने उठाए सवाल; निष्पक्ष जांच की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंदसौर के प्राचार्य प्रो.डॉ.जेएस दुबे के शासकीय आवास पर लगे तीन एयर कंडीशनर (एसी) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ.एल.एन.शर्मा द्वारा 4 जुलाई 2026 को बनाया गया बताया जा रहा है।

वीडियो में डॉ.शर्मा प्राचार्य आवास के बाहर खड़े होकर दावा करते हैं कि आवास पर तीन एसी लगे हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों की फीस के दुरुपयोग को लेकर पहले से चर्चाएं चल रही हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं प्राचार्य आवास पर लगे एसी विद्यार्थियों की फीस से तो नहीं खरीदे गए।

हालांकि, वीडियो में डॉ.शर्मा ने यह भी कहा कि यह केवल आशंका है और इसकी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकती है। उन्होंने कहा कि यदि प्राचार्य डॉ.जे.एस दुबे ने ये एसी अपने निजी खर्च से खरीदे हैं, तो यह उनकी ईमानदारी का प्रमाण होगा और उन पर लगाए जा रहे आरोप स्वतः निराधार साबित हो जाएंगे। वहीं यदि जांच में विद्यार्थियों की फीस के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

डॉ.शर्मा ने अपने वीडियो में कहा कि उनका उद्देश्य किसी पर सीधे आरोप लगाना नहीं, बल्कि दोनों पक्ष जनता के सामने रखना और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करना है। उन्होंने लोगों से भी इस विषय पर अपनी राय देने की अपील की।

फिलहाल इस मामले में कॉलेज प्रशासन या प्राचार्य प्रो.डॉ.जे.एस दुबे की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Yogesh Porwal
Author: Yogesh Porwal

वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!