10 मिनट में जलकर राख हो गई बस, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही आशंका
अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में शनिवार रात एक भीषण हादसा हुआ। इंदौर जा रही कमला ट्रैवल्स की एक यात्री बस में अचानक आग लग गई, जिसके बाद देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह घटना ईसागढ़ रोड पर बमनावर गांव के पास रात करीब 8 बजे हुई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने से मची अफरा-तफरी
बस में सवार यात्रियों के अनुसार, बस पिछोर से ईसागढ़ और अशोकनगर होते हुए इंदौर जा रही थी। सभी सीटें भरी हुई थीं, और कुछ यात्री बीच में खड़े थे। बस में अचानक धुआं और जलने की बदबू आने लगी। सिलावन खुर्द के हेमंत लोधी ने बताया कि कुछ देर पहले से ही बदबू आ रही थी, जैसे कुछ जल रहा हो। एक यात्री ने ड्राइवर को आग लगने की सूचना दी, लेकिन तब तक बस के अगले हिस्से (अल्टीनेटर) में लपटें उठने लगी थीं।
पुलिसकर्मी और ड्राइवर ने बचाई जान
बस में सवार कदवाया थाने के हेड कॉन्सटेबल अरविंद सिंह रघुवंशी ने बताया कि वह डाक लेकर अशोकनगर जा रहे थे। आग लगने की सूचना मिलते ही उन्होंने और ड्राइवर ने तुरंत बस के कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। रघुवंशी ने बताया, “हमने सभी कांच तोड़ दिए और एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला। इसके बाद मैंने अंदर जाकर दोबारा जांच की कि कोई बचा तो नहीं है।” इस दौरान पास के लोग भी मदद के लिए दौड़े।
10 मिनट में जलकर खाक हुई बस
यात्रियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि 10 मिनट के अंदर पूरी बस जल गई। बस में अग्निशमन यंत्र की कमी के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलते ही ईसागढ़ और अशोकनगर पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की एक गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पानी खत्म होने के कारण दूसरी फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी।
बस स्टाफ का अनुमान है कि आग का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। हालांकि, पुलिस और दमकल विभाग ने आग के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यात्रियों में दहशत, सभी यात्री सुरक्षित
यात्री राजू लोधी ने बताया कि ड्राइवर को पहले ही आग की बदबू की सूचना दी गई थी, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। समय रहते यात्रियों को निकाल लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और बस कंपनी से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









