इंदौर। शहर के गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर शुक्रवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। नारेबाजी से शुरू हुई झड़प देखते ही देखते पथराव में बदल गई, जिसमें तीन पत्रकारों, पुलिसकर्मियों और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं सहित कई लोग घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और पानी की बौछारों का इस्तेमाल करना पड़ा। प्रशासन ने शहरवासियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
दिल्ली में आयोजित एआई समिट के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गांधी भवन की ओर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें मच्छी बाजार चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पथराव शुरू हो गया, जिससे गांधी भवन परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

पथराव में पत्रकार, पुलिसकर्मी भी घायल
पथराव की घटना में तीन पत्रकारों और कुछ पुलिसकर्मियों सहित भाजपा व कांग्रेस के कई कार्यकर्ता घायल हुए। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े को सिर में गंभीर चोट लगी, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों का भी इलाज जारी है। मामला बिगड़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, चार थानों के थाना प्रभारी और एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने स्वयं स्थिति संभाली।
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और पानी की बौछारें छोड़ीं। शुरुआत में इसका सीमित प्रभाव पड़ा, लेकिन अंततः स्थिति नियंत्रित हो गई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्डिंग और वायरल वीडियो के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पथराव शुरू किया। वहीं, भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। पथराव के बाद इंदौर के पंढरीनाथ थाने पर भाजपा विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की और थाने का घेराव किया।
कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने लगाया भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप-
भाजपा नेता सुमित मिश्रा ने लगाया कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पथराव का आरोप
घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पुलिस इन क्लिप्स की जांच कर रही है ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान हो सके। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









