पीजी कॉलेज प्राचार्य पर दिव्यांग कर्मचारी को प्रताड़ना और मारपीट का गंभीर आरोप, पीड़ित ने यशोधर्मन नगर थाने में कराई शिकायत दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर के प्राचार्य डॉ. जे.एस.दुबे पर एक दिव्यांग कार्यालय सहायक को थप्पड़ मारने और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी ने थाना यशोर्धमन नगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

घटना का विवरण
पीड़ित कार्यालय सहायक परेश बारवाल व उसके पिता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 8 मई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे भौतिकी कक्ष में प्राचार्य डॉ.जे.एस.दुबे ने उन पर चांटा मारा और मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित के कान में तेज दर्द और सुनने में समस्या हो रही है।
पीड़ित ने बताया कि इसकी पुष्टि उनकी माता जी से प्राचार्य की हुई बातचीत में भी हुई है। उन्होंने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर यह शिकायत दर्ज कराई है।

लंबे समय से हो रही थी प्रताड़ना
शिकायत में पीड़ित कर्मचारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्राचार्य पिछले काफी समय से उनकी दिव्यांगता के कारण उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
– बार-बार उनकी ड्यूटी बदलकर उन्हें परेशान किया जाता था।
– अन्य स्टॉफ के सामने उनकी दिव्यांगता को लेकर अपमानित किया जाता था।
– एक बार जब अन्य कर्मचारी ने प्राचार्य को बताया कि दिव्यांग होने के कारण भौतिकी लेबोरेटरी में केमिकल्स व एसिड से खतरा हो सकता है, तब प्राचार्य ने कथित तौर पर कहा था- “इसे मरने दो।”

पीड़ित ने थाना प्रभारी यशोधर्मन नगर से प्राचार्य डॉ.जे.एस.दुबे के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्यवाही करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से वे काफी डरे हुए और मानसिक रूप से आहत हैं।
पीजी कॉलेज प्राचार्य डॉ.ज्योतिस्वरुप दुबे और पीड़ित परेश बारवाल के परिजनों के बीच बातचीत का एक ऑडियो भी सामने आया है जिसमें प्राचार्य चांटा मारने की ये कहते हुए सुनाई दे रहे है कि – अभी तो इतने में ही छोड़ दिया है मैने।

पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्राचार्य का बयान दर्ज करने और पीड़ित की मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!