जावरा में यातायात व्यवस्था बदहाल, नो-पार्किंग बोर्ड बना मजाक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी

जावरा। जावरा के बस स्टैंड परिसर में यातायात पुलिस सहायता केंद्र के ठीक सामने लगा नो-पार्किंग बोर्ड लोगों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। ट्रैफिक पुलिस चौकी के पास ही यह बोर्ड लगाया गया है, जिसे देखकर लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। आमजन का कहना है कि यह बोर्ड यातायात पुलिस की लाचारी को दर्शाता है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस चौकी की बाउंड्री के भीतर ही बड़ी संख्या में दुपहिया वाहन खड़े रहते हैं। नो-पार्किंग बोर्ड के आसपास भी वाहन खड़े देखे जा सकते हैं, जिनमें पुलिसकर्मियों के वाहन भी शामिल हैं। इससे लोग पुलिस की कथनी और करनी के अंतर को लेकर हंसी-मजाक कर रहे हैं।
शहर की यातायात व्यवस्था भी दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। शाम के समय चौपाटी, रतलामी गेट, पिपली बाजार, नीम चौक, आजाद चौक, कोठी बाजार, बजाज खाना, पुल बाजार और बोहरा बाखल जैसे इलाकों में वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से पैदल राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ट्रैफिक पुलिस की अनदेखी के कारण भीड़भाड़ वाले बाजारों में फोर-व्हीलर वाहन बेरोकटोक चलते हैं, जिससे अव्यवस्था और बढ़ती है। कई बार वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
वहीं, आजाद चौक के पास स्थित एक दुग्ध डेयरी पर शाम को भारी भीड़ जमा होती है। यहां आने वाले लोग अपने वाहनों को इस तरह खड़ा करते हैं कि सड़क जाम हो जाती है। इससे अन्य वाहन चालकों को असुविधा होती है। डेयरी पर आए लोग अपने वाहनों को व्यवस्थित करने की बजाय मनमानी करते हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। ट्रैफिक पुलिस की उदासीनता के चलते वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं, और शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा रही है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!