मुरैना। लोकायुक्त की कार्रवाई से एक बार फिर भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसा गया है। मुरैना तहसील कार्यालय में तैनात राजस्व निरीक्षक राकेश जैन को जाति प्रमाण पत्र बनाने के बदले 2 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
ग्वालियर लोकायुक्त टीम ने आज मंगलवार सुबह मुरैना तहसील में ट्रैप लगाकर यह कार्रवाई की। फरियादी संतोष सिंह कुशवाहा (गोपियापुरा निवासी) ने शिकायत की थी कि उनके बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आरआई राकेश जैन ने उनसे 2 हजार रुपये की घूस मांगी थी।

शिकायत मिलते ही लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। आरोपी ने पहले ही एक हजार रुपये की पहली किश्त ले ली थी। आज जब फरियादी दूसरी किश्त के एक हजार रुपये देने पहुंचा, तो लोकायुक्त की टीम ने मौके पर दबोच लिया। आरआई के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई।
नवीन तहसील कार्यालय में हुई कार्रवाई
पूरी घटना मुरैना की नवीन तहसील कार्यालय में हुई। लोकायुक्त टीम ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत के नोट्स जब्त कर लिए। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह मामला सरकारी कार्यालयों में आम नागरिकों, खासकर किसानों से बुनियादी सुविधाओं के लिए भी रिश्वत मांगे जाने की प्रवृत्ति को उजागर करता है। जाति प्रमाण पत्र जैसी सरल प्रक्रिया में भी भ्रष्टाचार के चलते गरीबों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोकायुक्त की लगातार की जा रही ऐसी कार्रवाइयों से भ्रष्ट अधिकारियों में खौफ का माहौल है।
ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस की स्पेशल टीम ने सूचना मिलते ही तुरंत एक्शन लिया। टीम ने पूरे ऑपरेशन को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया, जिससे आरोपी बच नहीं सका।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









