मल्हारगढ़ नगर पंचायत में भ्रष्टाचार का खुलासा: नाले की दीवार ढही, 8 पार्षदों का विरोध बेकार, उपयंत्री को नोटिस लेकिन कार्रवाई शून्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मल्हारगढ़ (गोपाल मालेचा)। नगरपंचायत इन दिनों भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में है। सोमवार को आई आंधी और तेज बारिश ने तीन महीने पहले बने एक नाले की 40 फीट दीवार को ढहा दिया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। यह नाला वार्ड नंबर 6 में करीब 56 लाख रुपये की लागत से बनाया गया था, लेकिन इसमें कई अनियमितताएं सामने आई हैं।

घटिया निर्माण और सलिये में हेराफेरी
पिछले महीने कलेक्टर की मंगलवार जनसुनवाई में वार्ड 12 के युवक ने लोटन यात्रा करके घटिया नाला निर्माण का मुद्दा उठाया था। अब वार्ड 6 में बने नाले में भी गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। आरोप है कि निर्माण में 12 mm सलिये के बजाय 8 mm सलिये का इस्तेमाल किया गया। नाले का कुछ हिस्सा खुला छोड़ा गया, जबकि कुछ जगहों पर लाल पत्थर से पैक कर दिया गया। निर्माण के दौरान पाइप डालने की बात भी सामने आई है, जो नियमानुसार संदिग्ध है।

8 पार्षदों का विरोध, फिर भी हुआ निर्माण
नाले के निर्माण को लेकर नगर परिषद के 15 में से 8 पार्षद और सभापति ने लिखित में विरोध दर्ज कराया था। इसके बावजूद नगर परिषद ने निर्माण कार्य को मंजूरी दे दी। सूत्रों के अनुसार, यह नाला नगरीय सीमा से बाहर और ग्रामीण सड़क योजना के आसपास बनाया गया, जो नियमों का उल्लंघन है।

लेबोरेट्री जांच पर सवाल
आगर मालवा की एक लेबोरेट्री द्वारा की गई जांच भी विवादों में है। आरोप है कि निर्माण के बाद सलिये को किलोग्राम में तौलकर रिपोर्ट दी गई, जो संदेहास्पद है। सवाल उठ रहे हैं कि निर्माण पूरा होने के बाद सलिये को तौला कैसे गया? हर बार एक ही लेबोरेट्री को जांच का जिम्मा देने पर भी पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

सीएमओ ने जारी किया था नोटिस, कार्रवाई शून्य
वार्ड 6 में नाले के घटिया निर्माण और गुणवत्ताहीनता की शिकायत पर जनप्रतिनिधियों और पार्षदों ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) से शिकायत की थी। इसके बाद 6 मार्च 2024 को सीएमओ ने उपयंत्री भावेश गगरानी और ठेकेदार सांवरे कंस्ट्रक्शन को नोटिस जारी किया था। हालांकि, आज तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

जनता में आक्रोश, मांग रही जवाबदेही
मल्हारगढ़ नगर पंचायत में बार-बार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामलों ने स्थानीय जनता में आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग मांग कर रहे हैं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। कलेक्टर कार्यालय और नगर परिषद से इस मामले में जवाबदेही की उम्मीद की जा रही है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!