जावरा में फूड पॉइजनिंग के दो अलग-अलग मामलों में 7 लोग बीमार, 4 अस्पताल में भर्ती; अधिकारी जांच में जुटे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। नगर में शनिवार को फूड पॉइजनिंग की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इन घटनाओं में कुल 7 लोग बीमार हो गए, जिनमें से 4 लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जबकि 3 अन्य लोगों का उपचार जारी है।

पहली घटना हमालपुरा क्षेत्र की है, जहां शनिवार को आयोजित एक विवाह समारोह में भोजन करने के बाद शखो बी, बिलकीस बी, नसीम और शहनवाज की तबीयत अचानक खराब हो गई। सभी को तत्काल सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. दीपक पालडिया ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद हालत गंभीर होने पर सभी मरीजों को पिपलौदा रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। एसडीएम सुनील जायसवाल नर्सिंग होम पहुंचे और मरीजों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं तहसीलदार पारस वैश्य एवं पंकज राठौर ने हमालपुरा क्षेत्र में पहुंचकर विवाह स्थल का निरीक्षण किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल भी मौके पर मौजूद रहीं। अधिकारियों द्वारा विवाह समारोह में बने भोजन, मावा तथा अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।

दूसरी घटना नानासाहब का बाग क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां तीन लोग घर पर खाना खाने के बाद बीमार हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार बताया जा रहा है।

प्रशासन ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सामग्री की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!