मंदसौर। मंदसौर की यशोधर्मन नगर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ (ड्रग्स) बनाने वाले केमिकल जब्त किए हैं। कुल 1886.6 किलोग्राम संदिग्ध केमिकल प्लास्टिक ड्रमों में भरा हुआ मिला।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं सीएसपी मंदसौर जितेन्द्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वायडी नगर निरीक्षक शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हेमन्त शर्मा एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।

यह है पूरा मामला
आज दिनांक 25 फरवरी 2026 को ललिता पत्नी प्रदीप जैन (तरसिंग), निवासी नई आबादी, सरकारी बाजार रोड, मंदसौर ने थाना वायडी नगर में आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनका विजय हाउसिंग सोसायटी कॉलोनी, फार्मेसी कॉलेज रोड, कृषि उपज मंडी के सामने वाला मकान 1 जनवरी 2026 से श्रेयांस पुत्र धर्मचंद्र मोगरा, निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान को किराए पर दिया गया था। आवेदिका ने मकान की सुपुर्दगी दिलवाने की गुहार लगाई थी।
आवेदन की जांच के लिए उपनिरीक्षक हेमन्त शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मकान के बाहर लगे ताले तोड़े गए। अंदर हाल में प्रवेश करने पर नीले, हरे और पीले रंग के प्लास्टिक ड्रम रखे मिले। कमरे में केमिकल की तेज़ गंध आ रही थी। ड्रमों के ढक्कन खोलकर देखा गया तो उनमें तरल पदार्थ भरा हुआ था, जो ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध केमिकल था।
पुलिस ने मौके पर ही वैधानिक कार्यवाही कर सभी ड्रम जब्त कर लिए। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत श्रेयांस पुत्र धर्मचंद्र मोगरा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शिवांशु मालवीय (थाना प्रभारी वायडी नगर), उपनिरीक्षक हेमन्त शर्मा, प्र.आर. 562 अरविन्द पुरोहित, प्र.आर. 476 मुकेश दीया, आर. 57 लक्ष्मण भाटी, आर. 147 श्रवणसिंह, आर. 616 पंकज शर्मा एवं आर. 852 राजेन्द्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है और इस बड़े केमिकल जखीरे के स्रोत और वितरण नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









