शिक्षक के तबादले पर फोरलेन जाम करना पड़ा भारी, चक्काजाम करने वालों पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बच्चों को साथ लेकर 30 मिनट तक किया था प्रदर्शन, प्रशासन की समझाइश के बावजूद नहीं माने; बीईओ की शिकायत पर हुई कानूनी कार्रवाई

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र के रूपनगर शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक बद्रीलाल राठौर के प्रशासनिक तबादले का विरोध करते हुए फोरलेन पर चक्काजाम करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार विकासखंड शिक्षा अधिकारी जावरा को एडीपीसी अशोक लोढ़ा से सूचना मिली थी कि शिक्षक बद्रीलाल राठौर का तबादला रुकवाने की मांग को लेकर कुछ ग्रामीण बच्चों के साथ रूपनगर फंटा स्थित फोरलेन पर चक्काजाम करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही बीईओ, बीआरसी रूपेश नरोटे, जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सीमरन सूर्यवंशी एवं परियोजना समन्वयक अखिलेश राजपूत मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने रामाया होटल के समीप एकत्र ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। उन्हें बताया गया कि शिक्षक का स्थानांतरण प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया है तथा इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा एक जांच टीम भी गठित की गई है, जो नियमानुसार मामले की समीक्षा करेगी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने और बच्चों को साथ लेकर फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया।

बताया गया कि करीब 30 मिनट तक चले चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात प्रभावित होने से कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग तलाशना पड़ा।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने चक्काजाम करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 3(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 83(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

गौरतलब है कि इस प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य डी.पी. धाकड़ भी शामिल हुए थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि शिक्षक बद्रीलाल राठौर का तबादला निरस्त कर उनकी पुनः पदस्थापना नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं शिक्षा विभाग का कहना है कि स्थानांतरण से जुड़े मामलों का समाधान नियमानुसार प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत ही किया जाएगा और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!