मंदसौर। शिक्षा विभाग के कालाखेत कॉम्प्लेक्स में वर्षों से चला आ रहा अतिक्रमण आखिरकार शनिवार को हटा लिया गया। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने 6 घंटे से अधिक समय तक चली कार्रवाई में अतिक्रमण हटाया।
अतिक्रमणकर्ताओं ने प्रशासन के पहुंचने से पहले ही खुद सामान समेटना शुरू कर दिया था। शाम 6 बजे तक चली इस कार्रवाई के दौरान जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण भी ढहाए गए। हटाए गए अतिक्रमणकर्ताओं को सीतामऊ फाटक क्षेत्र में वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराई गई।

भारी फोर्स और सुव्यवस्थित कार्रवाई
कार्रवाई को सुव्यवस्थित ढंग से अंजाम देने के लिए शुक्रवार को ही पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई थी। शनिवार सुबह 10 बजे अमला मौके पर पहुंचा। उससे पहले सुबह से ही अतिक्रमणकर्ता अपने सामान हटाने लगे थे।
पूरी कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। शाम 6 बजे तक अमला मौके पर ड्यूटी पर रहा और अतिक्रमण पूरी तरह हटा लिया गया।
कालाखेत कॉम्प्लेक्स का यह अतिक्रमण लंबे समय से शहर की सबसे ज्वलंत समस्याओं में से एक था। विधायक विपिन जैन ने इस मामले को लगातार विधानसभा में उठाया। उनके प्रयासों और चुनावी चर्चाओं के बाद प्रशासन ने विस्थापन योजना के तहत कार्रवाई शुरू की।
अतिक्रमण से रुका था विकास
शिक्षा विभाग द्वारा कालाखेत में बनाए गए कॉम्प्लेक्स में दुकानों के साथ-साथ मिनी स्टेडियम का भी प्रस्ताव था। आधी दुकानों के निर्माण और नीलामी के बाद अतिक्रमणकर्ताओं ने कब्जा जमा लिया। इससे नीलामी विजेताओं को दुकानें खोलने का मौका नहीं मिला और शिक्षा विभाग व नगर पालिका भी आगे का निर्माण कार्य नहीं कर पाए।
अब अतिक्रमण हटने के बाद लंबित पड़े प्रस्तावों को गति दी जाएगी। कॉम्प्लेक्स को पूर्ण रूप से विकसित करने की दिशा में काम तेज होने की उम्मीद है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








