नगरपालिका परिसर से सुलभ शौचालय के दरवाजे गायब, सीसीटीवी कैमरा भी लापता; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चौकीदार की मिलीभगत के आरोप, मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने जांच का दिया आश्वासन; लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। नगर पालिका परिषद जावरा के परिसर में स्थित सुलभ शौचालय से दरवाजे और नकुची (कुंडी) गायब होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि शौचालय के ठीक सामने लगा सीसीटीवी कैमरा भी गायब बताया जा रहा है। इस घटना के बाद नगर पालिका की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका परिसर में लगातार सरकारी सामान गायब होने की घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि बिना अंदरूनी मिलीभगत के इस तरह की चोरी होना संभव नहीं है। कुछ लोगों ने नगर पालिका के चौकीदार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले को लेकर जब मुख्य नगर पालिका अधिकारी से चर्चा की गई तो उन्होंने मामले की जांच कराने और वस्तुस्थिति का पता लगाने की बात कही। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई या जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई थी।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नगर पालिका परिसर, जहां सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की जिम्मेदारी स्वयं प्रशासन की होती है, वहीं से सरकारी सामान लगातार गायब हो रहा है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!