प्रधानमंत्री आवास की तीसरी किस्त जारी कराने के एवज में मांगी थी रिश्वत, पहले ही ले चुका था ₹2 हजार
मंदसौर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को मंदसौर जिले के सीतामऊ जनपद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। लोकायुक्त टीम ने ग्राम पंचायत कयामपुर में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक नाथ को ₹6,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार ग्राम कयामपुर निवासी गोरधन उर्फ कारूलाल माली के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था। आवेदक को आवास की पहली एवं दूसरी किस्त प्राप्त हो चुकी थी। तीसरी किस्त की ₹40,000 राशि जारी करवाने के लिए आवेदक ने ग्राम पंचायत कयामपुर के कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक नाथ से संपर्क किया।
आरोप है कि दीपक नाथ ने तीसरी किस्त जारी करवाने के एवज में आवेदक से ₹10,000 की रिश्वत की मांग की। इस संबंध में आवेदक ने 1 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त उज्जैन को लिखित शिकायत दी।
शिकायत सत्यापन में रिश्वत मांगना पाया गया
लोकायुक्त द्वारा शिकायत का सत्यापन निरीक्षक हिना डाबर से कराया गया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने संबंधी बातचीत की रिकॉर्डिंग की गई। इसमें आरोपी दीपक नाथ द्वारा ₹8,000 लेने पर सहमति जताई गई। शिकायत के अनुसार आरोपी पहले ही ₹2,000 रिश्वत के रूप में प्राप्त कर चुका था।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। मंगलवार को शिकायतकर्ता गोरधन उर्फ कारूलाल माली से ₹6,000 की रिश्वत लेते हुए आरोपी दीपक नाथ को रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
रूपनी चौराहे के होटल में कार्रवाई जारी
लोकायुक्त की कार्रवाई होटल रुद्राक्ष, रूपनी चौराहा, सुवासरा रोड, रूपनी, तहसील सीतामऊ, जिला मंदसौर में जारी है। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हिना डाबर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत तथा आरक्षक श्याम शर्मा, मोहम्मद इसरार, उमेश जाटव सहित करीब 10 सदस्यीय टीम शामिल रही।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








