मंदसौर पुलिस की कार्रवाई; 100 से अधिक वारदातों का दावा, 22 मोबाइल, 30 सिम और 5 एटीएम कार्ड जब्त
मंदसौर। साइबर अपराधियों के खिलाफ मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के मुख्य सरगना सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा देश के अलग-अलग राज्यों में बैठकर 11 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। गिरोह के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जुड़े होने की बात भी पुलिस ने कही है।

मामले का खुलासा शामगढ़ निवासी एक महिला से मेट्रीमोनियल वेबसाइट के जरिए करीब साढ़े 7 लाख रुपए की ठगी की शिकायत के बाद हुआ। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने खुद को एनआरआई बताकर शादी का झांसा दिया। इसके बाद विदेश से महंगा गिफ्ट भेजने और कस्टम में पार्सल फंसने की बात कहकर कस्टम ड्यूटी, प्रोसेसिंग फीस आदि के नाम पर अलग-अलग खातों में रकम जमा करवाई गई।
शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करीब डेढ़ से दो माह तक तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और अलग-अलग राज्यों में करीब 15 दिन तक कार्रवाई करते हुए राजस्थान के जयपुर और बिहार के अरवल सहित अन्य स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ऐसे चलाते थे ठगी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार गिरोह में अलग-अलग लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई थी। एक टीम म्यूल बैंक खाते और मोबाइल सिम उपलब्ध कराती थी, जबकि दूसरी टीम अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलकर खातों से रकम निकालती थी। आरोपियों द्वारा एक वारदात के लिए इस्तेमाल मोबाइल, सिम और बैंक खाते को बाद में नष्ट कर नए संसाधनों का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने 100 से अधिक साइबर घटनाओं को अंजाम दिया और डेढ़ सौ से अधिक म्यूल बैंक खातों व मोबाइल सिम का इस्तेमाल किया।
6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्रिलोकी कुमार, शिवम गुप्ता, बबलू कुशवाह, गुंजन गुप्ता, शशि कुमार और टोनी कुमार को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
22 मोबाइल, 30 सिम और 8 लाख से अधिक की राशि फ्रीज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 30 मोबाइल सिम, 5 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में जमा 8 लाख रुपए से अधिक की राशि फ्रीज कराई गई है। पुलिस के अनुसार वैधानिक प्रक्रिया के तहत राशि पीड़ित को वापस दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में थाना शामगढ़ पर धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।
पुलिस की आमजन से अपील
मंदसौर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आकर ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश न करें और OTP, PIN, पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








