गरोठ में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ट्रैक्टर-ट्रॉली से 221 किलो डोडाचूरा जब्त; मुख्य आरोपी फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

4.42 लाख रुपए के डोडाचूरा के साथ 8.20 लाख रुपए का ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो मोबाइल जब्त; मुख्य आरोपी गोविंद फरार

मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मन्दसौर जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 221 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने डोडाचूरा का परिवहन करने वाले एक विधि-विरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया है, जबकि ट्रैक्टर चला रहा मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को गरोठ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोविंद पिता विष्णु निवासी नारीया बुजुर्ग अपने साथी के साथ बिना नंबर के पावरट्रैक कंपनी के ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध डोडाचूरा भरकर ग्राम मोलाखेड़ी से बर्डिया अमरा की ओर जाने वाला है।
सूचना के आधार पर सहायक उप निरीक्षक जसराज सिंह चंदेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गोपालपुरा तालाब की पाल पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई।

9 काले कट्टों में मिला 221 किलो डोडाचूरा
तलाशी के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखे 9 काले रंग के प्लास्टिक कट्टों से कुल 221 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा की कीमत करीब 4 लाख 42 हजार रुपए बताई है। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन और बिना नंबर का पावरट्रैक कंपनी का ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चला रहा गोविंद पिता विष्णु निवासी नारीया बुजुर्ग पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके साथ मौजूद विधि-विरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया है।

12 लाख रुपए से अधिक का मश्रुका जब्त
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में कुल करीब 12 लाख 62 हजार रुपए का मश्रुका जब्त किया गया है, जिसमें—
221 किलो डोडाचूरा — कीमत ₹4.42 लाख
पावरट्रैक ट्रैक्टर मय ट्रॉली — कीमत ₹8 लाख
दो मोबाइल फोन — कीमत ₹20 हजार शामिल हैं।

एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज
मामले में थाना गरोठ पर अपराध क्रमांक 394/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है तथा फरार आरोपी गोविंद की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गरोठ उप निरीक्षक बलवीर सिंह यादव, सहायक उप निरीक्षक जसराज सिंह चंदेल सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!