जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 12.09 लाख रुपए, बिना नंबर की बाइक और मोबाइल भी बरामद; दो आरोपी फरार
मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भैसोदामंडी बस स्टैंड के पास आम रोड पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 120 ग्राम एमडी और 4 किलो 700 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की कुल कीमत करीब 12 लाख 9 हजार 400 रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को चौकी भैसोदामंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भैसोदामंडी बस स्टैंड के पास आम रोड पर कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्ध रूप से मौजूद धीरप लाल मेहर पिता इन्दरलाल मेहर, उम्र 23 वर्ष, निवासी सादरो का खेड़ा, थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 120 ग्राम एमडी, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपए, तथा 4 किलो 700 ग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत 9,400 रुपए बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और IQOO कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले में पुलिस द्वारा मादक पदार्थ की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच की जा रही है।
दो आरोपी बताए गए फरार
पुलिस के अनुसार मामले में भेरूलाल पिता रामचंद्र मेहर निवासी नयाखेड़ा, थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) तथा रोशन शर्मा निवासी उज्जैन, मध्यप्रदेश फरार बताए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
यह सामग्री हुई जब्त
– 120 ग्राम एमडी — कीमत करीब 12 लाख रुपए
– 4 किलो 700 ग्राम डोडाचूरा — कीमत 9,400 रुपए
– बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल — कीमत 70 हजार रुपए
– IQOO कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल — कीमत 15 हजार रुपए
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला, चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव, उप निरीक्षक ओंकार सिंह ठाकुर सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में की गई।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








