शातिर ड्रग माफिया अफजल पर मंदसौर पुलिस का बड़ा शिकंजा, PIT-NDPS में 1 साल के लिए इंदौर जेल भेजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई आबादी थाना क्षेत्र के अरनिया निजामुद्दीन निवासी अफजल कासम अजमेरी के खिलाफ पुलिस ने तैयार किया था प्रतिवेदन

उज्जैन संभाग आयुक्त के आदेश के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल इंदौर में कराया दाखिल

मंदसौर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। नई आबादी थाना क्षेत्र के शातिर मादक पदार्थ तस्कर अफजल पिता कासम अजमेरी निवासी अरनिया निजामुद्दीन के खिलाफ PIT-NDPS Act की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की गई है। उज्जैन संभाग आयुक्त के आदेश के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एक वर्ष की अवधि के लिए केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल के नेतृत्व और नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर के मार्गदर्शन में नई आबादी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर ने अफजल के विरुद्ध PIT-NDPS की कार्रवाई प्रस्तावित की।

पुलिस प्रतिवेदन के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक नई आबादी थाना प्रभारी द्वारा क्षेत्र के आदतन अपराधियों एवं मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त आरोपियों की सूची तैयार की गई। इसी आधार पर अफजल पिता कासम अजमेरी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक मंदसौर को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला दंडाधिकारी मंदसौर के माध्यम से उज्जैन संभाग आयुक्त के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उज्जैन संभाग आयुक्त द्वारा स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 3(1) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई का आदेश जारी किया गया।

आदेश के पालन में पुलिस टीम ने अफजल को गिरफ्तार किया और उसे एक वर्ष के लिए केंद्रीय जेल इंदौर में निरुद्ध कराया जा रहा है।

क्या है PIT-NDPS Act
पुलिस के अनुसार PIT-NDPS Act का उपयोग ऐसे आदतन एवं शातिर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के लिए किया जाता है, जिनके लगातार मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने की आशंका हो। इसका उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन, खरीद-फरोख्त जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना और समाज में इसके दुष्प्रभाव को रोकना है।

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से विशेष रूप से युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है। इसी को देखते हुए जिले में मादक पदार्थ माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी नई आबादी उपनिरीक्षक कुलदीप राठौर, रीडर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सउनि प्रदीप सिंह तोमर, उपनिरीक्षक अंतरसिंह जादौन, प्रधान आरक्षक राजेश शर्मा, प्रधान आरक्षक उमंग शर्मा, आरक्षक नितेश मोर्या, पवन सागित्रा, अजय सिंह एवं रविन्द्र सिंह चुंडावत का सराहनीय योगदान रहा।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!