मंदसौर से अहमदाबाद तक MD ड्रग्स का नेटवर्क! 4.50 करोड़ की ड्रग्स के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीतामऊ और मंदसौर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी, 10 दिन की मिली पुलिस रिमांड

मंदसौर। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 939 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद ड्रग्स की घरेलू बाजार में कीमत करीब 28 लाख रुपए, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 4.50 करोड़ रुपए आंकी गई है।

हंसपुरा चार रास्ते के पास घेराबंदी कर पकड़ा
क्राइम ब्रांच के डीसीपी अजीत राज्यान के मुताबिक, पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश से तीन लोग कार में नशीला पदार्थ लेकर अहमदाबाद में डिलीवरी देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नरोडा क्षेत्र के हंसपुरा चार रास्ता के पास घेराबंदी की।
संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर उसमें से 939 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद हुई। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और वाहन समेत करीब 31 लाख रुपए कीमत का अन्य सामान भी जब्त किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

मंदसौर जिले के तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतामऊ तहसील के दीपाखेड़ा निवासी असलम पिंजारा मंसूरी उम्र 29 वर्ष, अमलावद निवासी शेजाद मंसूरी उम्र 22 वर्ष और मंदसौर की इंदिरा कॉलोनी वार्ड क्रमांक 40 निवासी इमरान मंसूरी उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है।

इमरान पठान उर्फ लाला के कहने पर लाए थे ड्रग्स
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मंदसौर की इंदिरा कॉलोनी निवासी इमरान पठान उर्फ लाला के कहने पर एमडी ड्रग्स लेकर अहमदाबाद पहुंचे थे। यहां उन्हें तय व्यक्ति तक ड्रग्स की डिलीवरी करनी थी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। अब पुलिस आरोपियों से ड्रग्स की सप्लाई चेन, मुख्य सरगना और अहमदाबाद में डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!