पोस्टमैन विनोद मेहर की अग्रिम जमानत याचिका द्वितीय अपर सत्र न्यायालय ने की खारिज, तीन आरोपी अब भी फरार
मंदसौर। शासकीय विमुक्त जाति कन्या छात्रावास, गरोठ में बिना अनुमति प्रवेश कर छात्रावास अधीक्षिका डॉ. कृष्णा सकवार के साथ अभद्रता एवं धमकी देने के मामले में गरोठ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों राकेश ग्वाला एवं घनश्याम देवड़ा को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

मामला छात्रावास अधीक्षिका डॉ. कृष्णा सकवार की ई-एफआईआर के आधार पर दर्ज किया गया था। पुलिस ने घनश्याम देवड़ा, राकेश ग्वाला, विनोद मेहर, सुभाष बालेचा, मुकेश सूर्यवंशी सहित एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 330/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3), 132, 119(1), 308(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का आरोप है कि संबंधित लोग बिना अनुमति छात्रावास में प्रवेश कर अधीक्षिका के साथ अभद्रता एवं धमकी देने की घटना में शामिल थे।
पोस्टमैन विनोद मेहर को नहीं मिली अग्रिम जमानत
इसी प्रकरण में नामजद आरोपी एवं डाकघर गरोठ में पोस्टमैन के पद पर पदस्थ विनोद मेहर ने अग्रिम जमानत के लिए द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश, गरोठ के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था। न्यायालय ने 11 सितंबर 2026 को उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
बताया गया है कि विनोद मेहर के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बाद 2 सितंबर 2026 को डाकघर विभाग द्वारा उन्हें निलंबित भी किया जा चुका है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।








