50 लाख की मांग, 20 लाख में डील; 4 लाख खाते में ट्रांसफर के बाद CBI की एंट्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

CBN इंस्पेक्टर सिद्धार्थ श्रीवास्तव गिरफ्तार, पटना CBI ने नीमच में दी दबिश; 14 सितंबर तक ट्रांजिट रिमांड

नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) में पदस्थ इंस्पेक्टर सिद्धार्थ श्रीवास्तव के खिलाफ पटना CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्रग्स से जुड़े एक मामले में कथित तौर पर आरोपी नहीं बनाने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच के बाद CBI टीम ने नीमच स्थित CBN कार्यालय परिसर में दबिश देकर इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, मामला पटना निवासी आलोक सिन्हा से जुड़ा है। आरोप है कि एक ड्रग्स कार्रवाई में उन्हें आरोपी नहीं बनाने के एवज में कथित तौर पर 50 लाख रुपए की मांग की गई थी। बातचीत के बाद कथित रूप से 20 लाख रुपए में सौदा तय हुआ, जिसमें 10 लाख रुपए एडवांस देने की बात सामने आई।

रिश्तेदार के खाते में ट्रांसफर हुई 4 लाख की राशि
बताया जा रहा है कि इस दौरान फरियादी आलोक सिन्हा ने 4 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। यह राशि CBN इंस्पेक्टर सिद्धार्थ श्रीवास्तव के रिश्तेदार संतोष कुमार सुमन के खाते में ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है।
इसके बाद फरियादी ने पूरे मामले की शिकायत पटना CBI से की। शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और CBI ने 10 सितंबर को प्रकरण दर्ज किया।

नीमच CBN कार्यालय में देर शाम पहुंची CBI टीम
प्रकरण दर्ज करने के बाद पटना CBI की टीम ने देर शाम नीमच स्थित केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय परिसर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान CBI ने CBN इंस्पेक्टर सिद्धार्थ श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया।

14 सितंबर तक ट्रांजिट रिमांड
गिरफ्तारी के बाद आरोपी इंस्पेक्टर को न्यायालय में पेश किया गया। CBI ने उन्हें पटना ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग की। न्यायालय ने 14 सितंबर तक ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दिया। इसके बाद पटना CBI की टीम सिद्धार्थ श्रीवास्तव को अपने साथ पटना ले गई।

पूछताछ में सामने आ सकते हैं कई अहम तथ्य
अब पटना में CBI की पूछताछ और आगे की जांच में इस पूरे मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना है। जांच का एक प्रमुख पहलू यह भी रहेगा कि कथित रिश्वत के इस मामले में सिर्फ इंस्पेक्टर की भूमिका थी या CBN से जुड़े अन्य लोगों की भी कोई भूमिका सामने आती है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!