अनुयोग हॉस्पिटल संचालक से 5 लाख रुपये की अवैध मांग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक माह से चल रहा था फरार, कोतवाली पुलिस ने 10 नंबर नाके से पकड़ा

मंदसौर। अनुयोग हॉस्पिटल के संचालक डॉ.योगेन्द्र कोठारी के निवास और अस्पताल में जबरन प्रवेश कर 5 लाख रुपये की अवैध मांग करने तथा रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से करीब एक माह से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को फरियादी योगेन्द्र पिता बलवंत सिंह कोठारी, उम्र 43 वर्ष, निवासी दशरथ नगर रोड मंदसौर ने थाना कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने आरोप लगाया था कि ग्राम रलायता निवासी लोकेश पिता दशरथ भांभी उसके घर एवं अस्पताल में जबरन घुसा और 5 लाख रुपये की अवैध मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देने के साथ गाली-गलौज भी की।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 434/2026 के तहत धारा 308(5), 331(4), 331(5), 351(3) एवं 296(बी) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके निवास सहित संभावित ठिकानों और मिलने-जुलने वाले स्थानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिला। करीब एक माह से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

इसी दौरान पुलिस को आरोपी के मंदसौर क्षेत्र के 10 नंबर नाके के आसपास होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी लोकेश पिता दशरथ भांभी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम रलायता, मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर, उपनिरीक्षक संदीप मौर्य, आरक्षक 103 शैलेन्द्र राठौर, आरक्षक 924 अरुण मालवीय एवं आरक्षक 751 योगेश साहू की सराहनीय भूमिका रही।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर टी.एस. बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक मंदसौर जितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!