जर्जर पोल हटाने, करंट वाले खंभों की जांच और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था की उठाई मांग
जावरा। नगर में विद्युत पोलों से लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं और लोगों की जान पर मंडरा रहे खतरे को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। वार्ड क्रमांक-09 की पार्षद श्रीमती जानीबाई धाकड़ एवं उनके प्रतिनिधि दशरथ कसानिया (धाकड़) ने शनिवार को विधायक डॉ.राजेन्द्र पांडेय को ज्ञापन सौंपकर नगर के सभी जर्जर एवं करंट प्रवाहित विद्युत पोलों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि शहर के कई क्षेत्रों में वर्षों पुराने और जर्जर विद्युत पोल अब भी खड़े हैं। कई स्थानों पर नए पोल लगाए जाने के बावजूद पुराने पोल नहीं हटाए गए हैं, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। इतना ही नहीं, कई खंभों में करंट उतरने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं, जो राहगीरों, बच्चों और मवेशियों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं।
ज्ञापन में हाल ही में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि करंट लगने से गौवंश की मौत, एक बछड़े की मृत्यु तथा मामू शाह दरगाह गेट के पास 14 वर्षीय बालक के गंभीर रूप से झुलसने जैसी घटनाएं पूरे शहर के लिए चेतावनी हैं। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया ने मांग की कि नगर के सभी विद्युत पोलों का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, करंट प्रवाहित एवं जर्जर पोलों को तत्काल हटाया जाए, खुले तारों और ढीले कनेक्शनों को सुरक्षित किया जाए तथा सभी कॉलोनियों में मीटर और विद्युत केबलों की वैज्ञानिक एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय से आग्रह किया कि वे मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराएं, ताकि नगरवासियों को सुरक्षित विद्युत व्यवस्था उपलब्ध हो सके और भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की पुनरावृत्ति न हो।
“जनहित और जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सावधानी और ठोस कार्रवाई ही सबसे बड़ा समाधान है।” – दशरथ कसानिया (धाकड़)
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








