फिर विवादों में भैंसोदा का साईंनाथ कॉलेज: परीक्षा नहीं कराई, छात्रवृत्ति निकालने का आरोप; छात्रों ने एफआईआर की मांग की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस चौकी पहुंचकर छात्रों ने सौंपा आवेदन, कॉलेज संचालक अशोक नागर पर लगाए गंभीर आरोप

दशपुर दिशा । सतीश पोरवाल
भैंसोदामंडी। साईंनाथ नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। बीएमएलटी एवं बीपीटी पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर प्रथम वर्ष की परीक्षा नहीं कराने, छात्रवृत्ति राशि आहरित करने तथा लगातार गुमराह करने के आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी में आवेदन सौंपकर कॉलेज संचालक अशोक नागर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

भैंसोदामंडी स्थित पुलिस चौकी में साईंनाथ कॉलेज के बीएमएलटी एवं बीपीटी पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से आवेदन देकर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2023-24 में प्रवेश लिया था, लेकिन अब तक उनके प्रथम वर्ष की परीक्षा आयोजित नहीं कराई गई है।

छात्रों के अनुसार कॉलेज प्रबंधन लगातार यह कहकर आश्वासन देता रहा कि परीक्षा संबंधी मामला न्यायालय में विचाराधीन है और 28 जुलाई 2026 को निर्णय आने के बाद परीक्षा कराई जाएगी। इसी भरोसे पर विद्यार्थी लंबे समय से इंतजार करते रहे।

छात्रों ने आरोप लगाया कि 28 जुलाई को कॉलेज द्वारा परीक्षा के संबंध में बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई। विद्यार्थियों का कहना है कि कॉलेज के शिक्षक नवीन चौहान ने उनसे कहा कि “जो करना है कर लो, हम कुछ नहीं जानते।” इससे छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सभी विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति राशि कॉलेज द्वारा आहरित कर ली गई, जबकि छात्रों को उसका लाभ नहीं मिला। विद्यार्थियों ने कॉलेज संचालक अशोक नागर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान युवा नेता एवं पार्षद सुमित पाटीदार भी छात्रों के साथ पुलिस चौकी पहुंचे और विद्यार्थियों की मांग का समर्थन किया।

पहले भी हो चुका है हंगामा
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी साईंनाथ नर्सिंग कॉलेज में परीक्षा नहीं कराए जाने को लेकर विद्यार्थियों ने हंगामा किया था। साईंनाथ नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेज को लेकर समय-समय पर विभिन्न शिकायतें सामने आती रही हैं। छात्रों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से वे स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

सीबीआई और लोकायुक्त में भी प्रकरण है लंबित
कॉलेज संचालक अशोक नागर के खिलाफ फर्जी तरीके से कॉलेज को संचालित करने, फर्जी निरीक्षण करवाने और नर्सिंग घोटाले में नामजद आरोपी होने के कारण सीबीआई और छात्रवृति प्रकरणों में गड़बड़ी करने के कारण लोकायुक्त भोपाल में भी प्रकरण लंबित है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!