दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। रतलाम जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए शनिवार ऐतिहासिक दिन साबित हुआ, जब जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ.कुंवर विजय शाह तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने ग्राम बिरमावल और रावटी में लगभग 68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। इनमें बिरमावल में 34 करोड़ 65 लाख रुपये तथा रावटी में 33 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से विद्यालयों का निर्माण किया गया है।
लोकार्पण के पश्चात दोनों मंत्रियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विज्ञान, कला एवं नवाचार आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूटी और लैपटॉप भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ.कुंवर विजय शाह ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय किसी मंदिर से कम नहीं हैं, जहां से देश और समाज के भविष्य के निर्माता तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि आज मां सरस्वती के इस मंदिर का लोकार्पण हुआ है और आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से सुसज्जित इन विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी सौभाग्यशाली हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों को निःशुल्क गणवेश, साइकिल, पाठ्यपुस्तकें सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे शिक्षा का स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “सोच बदलो, सितारे बदल जाएंगे।” साथ ही बिरमावल सांदीपनि विद्यालय तक पहुंचने वाले लगभग डेढ़ किलोमीटर मार्ग के डामरीकरण की घोषणा भी की।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय भविष्य गढ़ने वाला एक अनूठा प्रकल्प है। भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने सांदीपनि आश्रम में शिक्षा प्राप्त कर ज्ञान और संस्कारों की मिसाल प्रस्तुत की थी। उसी आदर्श को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने आधुनिक संसाधनों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और श्रेष्ठ शिक्षकों के साथ इन विद्यालयों की स्थापना की है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने और अपने गांव, जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामोर ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए हैं। विद्यार्थियों को भोजन, गणवेश, साइकिल सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बिरमावल क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए महाविद्यालय स्थापित करने की मांग भी रखी।
जिला योजना समिति सदस्य प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि यह अत्याधुनिक विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा और यहां से शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित होंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई चंद्रवंशी, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, अन्य जनप्रतिनिधि, तत्कालीन कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं पत्रकार उपस्थित रहे। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की नई पहल को ग्रामीण अंचल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








