भवानीमंडी। नगर के ईदगाह परिसर में आयोजित मोहर्रम के लंगर का भोजन करने के बाद मुस्लिम समाज के 100 से अधिक महिला-पुरुषों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर सभी को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल तथा एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तहसीलदार अब्दुल हफीज ने बताया कि रविवार को ईदगाह में मोहर्रम के अवसर पर लंगर का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने दाल-मांडे और सेवइयों के जर्दे का प्रसाद ग्रहण किया। भोजन करने के करीब दो से तीन घंटे बाद कई लोगों को अचानक उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी।

परिजनों ने बीमार लोगों को तत्काल उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. रामसिंह और डॉ. दीपिका नागर ने प्राथमिक उपचार के बाद मरीजों को भर्ती किया। वहीं, कुछ मरीजों को नगर के एक निजी अस्पताल में भी भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
प्रशासन ने मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थिति पर नजर रखी हुई है। भोजन के कारण लोगों के बीमार होने की आशंका को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








