पिपलिया मंडी। महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंदसौर सुख समृद्धि वेलफेयर सोसायटी “संकल्पित मंदसौर” द्वारा आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समापन हुआ। 13 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं को सिलाई के साथ-साथ उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं विपणन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए सहकार भारती मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री राधेश्याम जलक्षत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम सहकारिता है। जब महिलाएँ संगठित होकर सहकारी संस्था के माध्यम से उत्पादन, विपणन और स्वरोजगार से जुड़ती हैं, तब वे न केवल आत्मनिर्भर बनती हैं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के साथ यदि निरंतर मार्गदर्शन और विपणन की व्यवस्था उपलब्ध हो, तो पिपलिया मंडी की महिलाएँ आत्मनिर्भरता का नया उदाहरण स्थापित कर सकती हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के घुम्मकड़ एवं अर्धघुम्मकड़ कल्याण आयोग के अध्यक्ष बाबूलाल बंजारा ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक उन्नति उसकी मातृशक्ति के आर्थिक रूप से सशक्त होने पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को संगठन और बाजार से जोड़ने की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और महिलाएँ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
संकल्पित मंदसौर के संस्थापक अध्यक्ष दिलीप धनराज गुप्ता ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर केवल तीन दिनों का कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं को स्थायी स्वरोजगार से जोड़ने की एक शुरुआत है। उन्होंने बताया कि संकल्पित बहुउद्देशीय सहकारी संस्था के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को संगठित कर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही संस्था द्वारा उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, विपणन तथा समय-समय पर उन्नत प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि महिलाएँ आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।

शिविर में नासिक (महाराष्ट्र) की रेणुका महिला औद्योगिक सहकारी संस्था की अध्यक्ष श्रीमती मंदा फड़ एवं उनकी टीम ने प्रतिभागी महिलाओं को सिलाई के साथ उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, डिज़ाइन, पैकेजिंग और मार्केटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री सुखलाल पंवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश पाटीदार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा सुनील देवरिया, नगर परिषद उपाध्यक्ष भारतसिंह सोनगरा तथा सहकार भारती के अखिल भारतीय डेयरी प्रकोष्ठ प्रमुख देवेंद्र शर्मा ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि रमेश पाटीदार, पार्षद संतोष गोरधन योगी, शैलेन्द्र सिंह उज्जैन, राहुल राठौर, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष देवीलाल गुर्जर, ईश्वरसिंह, महेश शर्मा, पंकज शर्मा, अमित सेन, अरविंद सिंह राठौर, संगीता राठौड़, शैलेन्द्र तेनगरिया, सत्यनारायण माली, डॉ. देवराज चौधरी, योगेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्रांजल गुप्ता ने किया। समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








