सागर मोती परिसर की बदहाल सड़क से रहवासी परेशान, सुधार की मांग लेकर नगरपालिका पहुंचे कॉलोनीवासी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

100 से अधिक परिवारों के आवागमन पर संकट, सावन व आगामी त्योहारों से पहले मुरम-गिट्टी डलवाने की उठाई मांग
दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। रामबाग स्थित सागर मोती परिसर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी के मुख्य एप्रोच मार्ग की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई और तत्काल मुरम एवं गिट्टी डलवाकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की।

समिति द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि लगातार हो रही वर्षा के कारण कॉलोनी का मुख्य मार्ग पूरी तरह कीचड़ और जलभराव की चपेट में आ गया है। इससे कॉलोनी में निवासरत 100 से अधिक परिवारों का दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दोपहिया-चारपहिया वाहन चालकों को हर दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर फिसलन और गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

समिति ने बताया कि सड़क पर लंबे समय से जलभराव रहने से गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने का खतरा भी बढ़ गया है। रहवासियों ने नगर पालिका से जनहित में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

ज्ञापन में आगामी सावन के सोमवार, जैन चातुर्मास, जन्माष्टमी, गणेश उत्सव सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इन अवसरों पर श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में मुख्य मार्ग पर शीघ्र मुरम एवं गिट्टी डलवाकर सड़क को समतल एवं सुरक्षित बनाया जाना आवश्यक है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने समिति के प्रतिनिधियों को समस्या के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के निलेश मेहता, कमल बीलवड़िया, भावेश तातेड़, आशीष भटेवरा, निरंजन राठौर, पार्षद दशरथ कसानिया, श्रेणिक मांडोत, रामूजी भैया, संजय भटेवरा, लक्की सोनी, सरदार मलजी चोरड़िया, ज्ञानचंद्र ओस्तवाल, नीलेश अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!