मलेनी बैराज में पानी आया, लेकिन नलों से पहुंचा मटमैला पानी — बिना फिल्टर सप्लाई पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। मलेनी बैराज में बारिश का पानी पहुंचने से जहां शहरवासियों को पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका की जलापूर्ति व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के कई वार्डों में शनिवार को नलों के माध्यम से मटमैला, पीले रंग का एवं बिना उचित फिल्टर किया हुआ पानी सप्लाई किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। गंदा पानी मिलने से लोगों में नाराजगी है और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बारिश के बाद नदी और बैराज में गंदलापन बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन नगर पालिका को पानी का उचित शुद्धिकरण और फिल्ट्रेशन करने के बाद ही घरों तक आपूर्ति करनी चाहिए। आरोप है कि बिना पर्याप्त फिल्टर किए ही पानी सप्लाई कर दिया गया, जिससे कई घरों में पीला और मटमैला पानी पहुंचा।

उधर, हाल ही में मलेनी बैराज में पानी आने पर नगर पालिका अधिकारियों एवं जलकार्य समिति के पदाधिकारियों ने निरीक्षण कर खुशी जताई थी और इसे शहर के लिए राहत बताया था। लेकिन नागरिकों का कहना है कि केवल बैराज में पानी आने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना भी नगर पालिका की जिम्मेदारी है।

शहरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल शोधन संयंत्र की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए तथा पूरी तरह फिल्टर एवं स्वच्छ पेयजल की ही आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नागरिकों का कहना है कि गंदे पानी की सप्लाई से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए प्रशासन को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!