शामगढ़। नगर के डिम्पल चौराहा स्थित चौधरी ट्रैक्टर शोरूम के सामने सोमवार को एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे निर्माणाधीन नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय एंबुलेंस में कोई मरीज सवार नहीं था और न ही इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना है। समय रहते बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एंबुलेंस शामगढ़ की ओर से मेलेखेड़ा रोड की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे एंबुलेंस सड़क से उतरकर सीधे निर्माणाधीन नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

बिना स्पष्ट नंबर प्लेट के संचालन पर उठे सवाल
दुर्घटना के बाद एंबुलेंस की वैधता को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन के आगे नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जबकि पीछे अंकित पंजीयन संख्या भी स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही थी। ऐसे में बिना स्पष्ट नंबर प्लेट के एंबुलेंस के संचालन को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं।
जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों और एंबुलेंस के दस्तावेजों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। संबंधित विभाग द्वारा जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन बिना स्पष्ट नंबर प्लेट के किन परिस्थितियों में संचालित किया जा रहा था तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कारण क्या थे।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








