मन्दसौर। महंगे प्रीमियम पर बीमा करवाने में असमर्थ लोगों को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने एक विशेष दुर्घटना बीमा योजना शुरू की है । इस योजना के अंतर्गत बहुत ही कम प्रीमियम पर अधिक बीमा कवर प्रदान किया जाएगा ।
इस योजना के तहत 350/- रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 5 लाख रुपये, 550/- रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 10 लाख रुपये और 749/- रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 15 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध होगा । यह बीमा एक वर्ष की अवधि के लिए होगा और प्रत्येक वर्ष इसका नवीनीकरण आवश्यक रहेगा ।
इस बीमा योजना में दुर्घटना से मृत्यु या स्थायी/आंशिक विकलांगता की स्थिति में बीमा कवर प्रदान किया जाएगा । इसके अलावा दुर्घटना के कारण अस्पताल में भर्ती होने पर इलाज हेतु एक लाख रुपये तक का खर्च, दो बच्चों की पढ़ाई के लिए एक लाख रुपये तक की सहायता, अस्पताल में भर्ती रहने पर अधिकतम 15 दिनों तक प्रतिदिन पांच सौ रुपये का भत्ता, मृत्यु की स्थिति में अंतिम संस्कार हेतु पांच हजार रुपये की राशि तथा डॉक्टर से पोषण और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा भी शामिल है ।

बीमा का लाभ 18 से 65 वर्ष आयु वर्ग के लोग उठा सकते हैं । इसके लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाता अनिवार्य है । प्रीमियम खाता मात्र 200 रुपये में आधार और मोबाइल नंबर के आधार पर बायोमेट्रिक सत्यापन द्वारा तुरंत खोला जा सकता है । खाता धारकों को शून्य बैलेंस बैंकिंग, कैशबैक लाभ, स्वास्थ्य सेवाओं पर छूट, असीमित डॉक्टर परामर्श और घर बैठे IPPB ऐप के माध्यम से सुकन्या, पीपीएफ, आरडी और पीएलआई जैसी योजनाओं का ऑनलाइन भुगतान जैसी सुविधाएँ भी मिलेंगी ।
इंदौर परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल गौरव श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि इस योजना के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 29 जून से 01जुलाई 2026 तक देवास, धार, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, आगर मालवा और उज्जैन जिलों में विशेष अभियान चलाया जाएगा । उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस योजना का लाभ लेने के लिए अपने नजदीकी डाकघर या स्थानीय डाकिया से संपर्क करें।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








