मंदसौर। विश्व एमएसएमई दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा मंदसौर जिले के तीन उद्यमियों को उद्योग स्थापना के लिए औद्योगिक भूखंड आवंटन की एलओआई प्रदान की गई। इन उद्योगों के माध्यम से जिले में निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उद्योग विभाग महाप्रबंधक श्री मंगल रायकवार द्वारा बताया गया कि जिन उद्यमियों को एलओआई प्रदान की गई, उनमें श्री आशीष त्यागी (एम/एस सर्वश्रेष्ठ एग्रो प्रोडक्ट्स) को औद्योगिक क्षेत्र गरोठ में बायो एग्रीकल्चर प्रोडक्ट्स इकाई स्थापित करने हेतु भूखंड आवंटित किया गया। इस परियोजना में 100 लाख रुपये का प्रस्तावित निवेश तथा 10 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।

इसी प्रकार श्री हितांश अग्रवाल (एम/एस बीमोरा सोलर स्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड) को औद्योगिक क्षेत्र मुलतानपुरा में सोलर स्ट्रक्चर निर्माण इकाई स्थापित करने हेतु एलओआई प्रदान की गई। इस परियोजना में 38 लाख रुपये का प्रस्तावित निवेश तथा 5 लोगों को रोजगार मिलेगा।
वहीं श्री मुख्तियार अलदाद (एम/एस रुबिना स्लेट पेन वर्क) को औद्योगिक क्षेत्र मुलतानपुरा में स्लेट पेंसिल निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए एलओआई प्रदान की गई। इस उद्योग में 10 लाख रुपये का प्रस्तावित निवेश होगा तथा 15 लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। जिले में औद्योगिक क्षेत्र पानपुर के 22 करोड रुपए के नवीन कार्यों का भूमि पूजन किया गया।
एमएसएमई दिवस पर इन उद्योगों को मिली स्वीकृति से जिले में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








