दशपुर दिशा । दीपक सोनी
सैलाना। गौवंश हत्या के मामले में सैलाना पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले के खुलासे से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को फरियादी राजवीर पिता दिलीप ग्वाले उम्र 21 वर्ष, निवासी विनोबा मार्ग, गवली मोहल्ला, सैलाना ने थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 जून की रात उसे सूचना मिली थी कि बांसवाड़ा रोड स्थित नर्सिंग कॉलेज के सामने कोटड़ा रोड पर खेत के किनारे एक गाय का कटा हुआ सिर, दो कटे हुए पैर तथा चमड़ी पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां गौवंश की निर्मम हत्या के प्रमाण मिले।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सैलाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच को आगे बढ़ाया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
– सुनील पिता रमसु वसुनिया, निवासी ग्राम इटावा, थाना काकनवानी, जिला झाबुआ
– दुलसिंह पिता बारजी डिंडोर, निवासी ग्राम कोटड़ा, थाना सैलाना, जिला रतलाम
पूर्व में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य आपराधिक मामलों के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है।
टीम को मिली सफलता
मामले के सफल खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश, उपनिरीक्षक शिवाजी राव जगताप, सहायक उपनिरीक्षक शंकरसिंह शक्तावत, हितेन्द्र सिंह परिहार, सीताराम तेनीवार सहित थाना सैलाना, नामली एवं साइबर सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गौवंश हत्या जैसे गंभीर मामले का अल्प समय में खुलासा कर सैलाना पुलिस ने अपनी सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख का परिचय दिया है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








