मंदसौर। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो राजस्थान ने मध्यप्रदेश-राजस्थान बॉर्डर पर नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। मंदसौर जिले के दलौदा तहसील के लसूड़िया ईला गांव में खेत की आड़ में चल रही गुप्त सिंथेटिक ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया।
इस छापेमारी में 21.189 किलोग्राम मेफेड्रोन ,0.487 किलोग्राम अफीम और 30.8 लीटर केमिकल्स (HCL व अन्य लिक्विड) बरामद किए गए। साथ ही ड्रग निर्माण का पूरा हाईटेक उपकरण जब्त कर लिया गया।

संयुक्त ऑपरेशन और रात को एक्शन
CBN को गुप्त सूचना मिली थी कि लसूड़िया ईला गांव के बाहरी खेत में बने एक सुनसान कमरे में मेफेड्रोन बनाने का अवैध धंधा चल रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद कोटा के उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल के मार्गदर्शन में चित्तौड़गढ़ डिवीजन की टीम ने तुरंत कार्रवाई की।
इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए मध्य प्रदेश CBN जावरा प्रिवेंटिव सेल के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया गया। टीम ने आधी रात में पूरे इलाके की घेराबंदी कर कमांडो स्टाइल में छापा मारा। दोनों राज्यों की टीमों ने तस्करों को हिलने का मौका नहीं दिया और पूरे सेटअप को जड़ से उखाड़ फेंका।
मौके से दो मुख्य तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
सीबीएन अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक छोटी लैब नहीं थी, बल्कि बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा है। जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि:
– कच्चे केमिकल्स (प्रिकर्सर) कहां से आ रहे थे?
– लैब को कौन फंड कर रहा था?
– तैयार ड्रग्स किन राज्यों के पब, क्लब और युवाओं तक सप्लाई किए जाने थे?
CBN ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ड्रग माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा। यह कार्रवाई नशा मुक्त भारत अभियान को मजबूती प्रदान करती है।
अधिकारियों का मानना है कि आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि गिरफ्तार आरोपी पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी दे सकते हैं।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








